
ACB की बड़ी कार्यवाही, विकास अधिकारी और कनिष्ठ सहायक 65 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार
दैनिक शुभ भास्कर राजस्थान अलवर खैरथल- तिजारा- भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ACB ने खैरथल-तिजारा जिले की मुण्डावर पंचायत समिति में कार्यवाही करते हुए विकास अधिकारी संजय कुमार यादव और कनिष्ठ सहायक रितिक कुमार सिंह को 65 हजार रुपए की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। दोनों पर एक फर्म के सफाई ठेकों और पाइपलाइन कार्य के बिलों की माप पुस्तिका एमबी भरवाने की एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
ACB के अनुसार, परिवादी ने शिकायत में बताया कि उसकी फर्म मैसर्स अमनदीप को ग्राम पंचायत मातौर और नगंली ओजा में सफाई के ठेके मिले थे। इसके अलावा फर्म की ओर से पाइपलाइन का कार्य भी किया गया था। इन कार्यों के बिलों की माप पुस्तिका भरवाने के बदले विकास अधिकारी संजय कुमार यादव द्वारा 65 हजार रुपए की रिश्वत मांगे जाने का आरोप लगाया गया शिकायत मिलने के बाद ACB ने 23 अक्टूबर 2026 को रिश्वत मांगने के आरोप का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान संबंधित कार्यों की माप पुस्तिका भरवाने के बदले 65 हजार रुपए लेने पर सहमति बनने की बात सामने आई इसके बाद गुरुवार, 29 अक्टूबर को ACB चौकी भिवाड़ी की टीम ने ट्रैप कार्यवाही करते हुए विकास अधिकारी संजय कुमार यादव और कनिष्ठ सहायक रितिक कुमार सिंह को कथित रिश्वत राशि लेते हुए गिरफ्तार कर लिया यह कार्यवाही ACB जयपुर के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित के सुपरविजन में भिवाड़ी चौकी प्रभारी एवं ट्रैप अधिकारी पुलिस निरीक्षक सुरजीत सिंह के नेतृत्व में की गई। ACB की अतिरिक्त महानिदेशक स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।ब्यूरो के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे अनुसंधान किया जाएगा। मामले में आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।











