
गुजरात को ₹14,000 करोड़ की महासौगात: बनासकांठा में पीएम मोदी का मेगा रोड शो,
देश के 9.34 करोड़ किसानों को भेजी सम्मान निधि
विपक्ष को घेरा; बोले पीएम- ‘जब तक भारत विकसित नहीं होगा, मोदी रुकने वाला नहीं’
दैनिक शुभ भास्कर बनासकांठा/अहमदाबाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने दो दिवसीय दौरे पर शुक्रवार को गुजरात पहुंचे। दौरे के पहले ही दिन उन्होंने राज्य को ₹14,000 करोड़ से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उपहार दिया। बनासकांठा पहुंचे प्रधानमंत्री का मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के साथ एक खुली जीप में ऐतिहासिक स्वागत किया गया। कई किलोमीटर लंबे इस मेगा रोड शो में लाखों की भीड़ उमड़ी। जनता ने हाथों में पोस्टर लेकर “मोदी कहीं नहीं जाएगा” के नारे लगाए, जिसके जवाब में पीएम ने जनसभा में भावुक होकर कहा, “मैं अपनी जिंदगी के आखिरी पल और आखिरी सांस तक देश की जनता की सेवा में जुटा रहूंगा।” किसानों के खातों में पहुंचे ₹18,680 करोड़ प्रधानमंत्री ने गुजरात की पावन धरती से देश भर के 9.34 करोड़ से अधिक किसान परिवारों को दिवाली का अग्रिम तोहफा दिया। उन्होंने एक सिंगल क्लिक के जरिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि PM-KISAN योजना की 24वीं किस्त जारी की। इसके तहत सीधे किसानों के बैंक खातों में ₹18,680 करोड़ से अधिक की आर्थिक सहायता राशि ट्रांसफर की गई है। बनासकांठा में खुला देश का पहला आधुनिक कैटल फार्म पशुपालन के क्षेत्र में क्रांति लाते हुए पीएम मोदी ने भीलड़ी में 127 एकड़ में फैले अत्याधुनिक ‘भारत बोवाइन ब्रीडिंग एंड रिसर्च सेंटर’ कैटल फार्म और इन विट्रो फर्टिलाइजेशन IVF लैब का उद्घाटन किया। कांकरेज नस्ल की गायों के लिए समर्पित यह देश का पहला ऐसा केंद्र है, जो गायों की प्रजनन क्षमता और दूध उत्पादन को कई गुना बढ़ाएगा। इसके अलावा, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड के तहत बने कोल्ड स्टोरेज और प्रोसेसिंग सेंटर्स से जुड़ी 521 परियोजनाओं को भी राष्ट्र को समर्पित किया गया।

अहमदाबाद मेट्रो और 4 हजार आंगनवाड़ियों की नींव शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करते हुए प्रधानमंत्री ने अहमदाबाद मेट्रो के दूसरे चरण के तहत हवाई अड्डा विस्तार और गिफ्ट सिटी GIFT City विस्तार की आधारशिला रखी। वहीं, ग्रामीण इलाकों के बच्चों के लिए ₹800 करोड़ की लागत से बनने वाले 4,030 नए बाल-अनुकूल आंगनवाड़ी केंद्रों का शिलान्यास और 361 तैयार केंद्रों का लोकार्पण भी किया गया। वैश्विक संकट के बावजूद किसानों पर नहीं आने दिया बोझ: पीएम जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने विरोधियों और आलोचकों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “पश्चिम एशिया गल्फ में चल रहे तनाव के बीच कुछ लोग खाद और गैस की किल्लत की झूठी अफवाहें फैलाकर पैनिक पैदा करने और मोदी को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं।” पीएम ने भरोसा दिलाया कि वैश्विक स्तर पर बढ़ती कीमतों के बावजूद सरकार ने भारी सब्सिडी देकर भारतीय किसानों पर एक पैसे का भी बोझ नहीं आने दिया है आज केवड़िया में ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ और ‘भारत पर्व’ का आगाज अपने दौरे के दूसरे दिन, शनिवार को प्रधानमंत्री केवड़िया एकता नगर जाएंगे। वे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित ‘राष्ट्रीय एकता दिवस’ परेड की सलामी लेंगे। इसके साथ ही वे वहां भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करने वाले भव्य ‘भारत पर्व 2026’ का भी उद्घाटन करेंगे, जो 15 नवंबर तक चलेगा।











