
ट्रेनों पर पत्थरबाजी रोकने के लिए जीआरपी और आरपीएफ ने संभाला मोर्चा, नेहरूनगर-जुगपुरा में ग्रामीणों को किया जागरूक
रेलवे सुरक्षा को लेकर गोष्ठी आयोजित, पत्थरबाजी जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आमजन से सहयोग की अपील
दैनिक शुभ भास्कर सुरज सिंह उत्तर प्रदेश ललितपुर। ट्रेनों पर पत्थरबाजी की घटनाओं को रोकने और रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जीआरपी और आरपीएफ ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में गुरुवार को ललितपुर के नेहरूनगर एवं जुगपुरा क्षेत्र में जीआरपी थाना प्रभारी, आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक और स्थानीय पार्षद की मौजूदगी में जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी में आमजन को ट्रेनों पर पत्थर फेंकने जैसी गैरजिम्मेदाराना हरकतों के गंभीर परिणामों से अवगत कराया गया। लोगों को बताया गया कि चलती ट्रेन पर पत्थरबाजी से यात्रियों को गंभीर चोट पहुंच सकती है और किसी की जान तक जा सकती है। ऐसी घटनाएं न केवल रेल यात्रियों की सुरक्षा के लिए खतरा हैं, बल्कि रेलवे संपत्ति को भी नुकसान पहुंचाती हैं। जीआरपी और आरपीएफ अधिकारियों ने क्षेत्रीय लोगों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति ट्रेनों पर पत्थरबाजी करता दिखाई दे तो तत्काल इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दें। साथ ही बच्चों और युवाओं को भी इस तरह की खतरनाक गतिविधियों से दूर रखने के लिए जागरूक करें। आगामी त्योहारों के मद्देनजर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी लोगों से सहयोग की अपील की गई। पुलिस का उद्देश्य जनसहभागिता के माध्यम से पत्थरबाजी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना और रेल यात्रियों का सफर सुरक्षित बनाना है।











