
एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक की पहल, 1,000 जूट बैग और आरती संग्रह वितरित कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश।
अलवर- पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक-सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक की ओर से गुरुवार को अलवर में विशेष जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर बैंक की ओर से आमजन को 1,000 जूट बैग एवं आरती संग्रह वितरित किए गए। पहल का उद्देश्य प्लास्टिक के उपयोग को कम करना,पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आमजन से प्रकृति की रक्षा करने और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने की अपील की। बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक वीरेंद्र सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं,बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक वित्तीय सेवाओं के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय उत्तरदायित्वों के निर्वहन के लिए भी प्रतिबद्ध है। जूट बैग का वितरण प्लास्टिक के विकल्प को अपनाने की दिशा में सार्थक पहल है,वहीं आरती संग्रह भारतीय सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत के प्रति सम्मान का प्रतीक है। कार्यक्रम में बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक कुंदन सिंह,क्लस्टर प्रमुख दिलीप दीक्षित सहित बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इस सामाजिक एवं पर्यावरणीय पहल में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम के माध्यम से बैंक ने संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति सामूहिक प्रयास ही स्वच्छ,स्वस्थ एवं बेहतर भविष्य का आधार हैं। बैंक ने समाज के सतत विकास,पर्यावरण संरक्षण एवं सामुदायिक कल्याण के लिए निरंतर कार्य करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।











