
जयपुर में ईपीएफओ का प्रवर्तन अधिकारी एक लाख रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार।
पीएफ जमा नहीं कराने पर एफआईआर दर्ज करने और बैंक खाते फ्रीज नहीं करने की एवज में मांगी थी दो लाख रुपये की रिश्वत।
जयपुर- भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो एसीबी ने गुरुवार को बड़ी कार्यवाही /करते हुए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन ईपीएफओ जयपुर के प्रवर्तन अधिकारी सोनू मौर्य को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ को परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी फर्म में कार्यरत कर्मचारियों का पीएफ जमा नहीं कराने के मामले में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करने तथा बैंक खाते फ्रीज नहीं करने की एवज में आरोपी प्रवर्तन अधिकारी सोनू मौर्य दो लाख रुपये की रिश्वत मांग रहा है। शिकायत के बाद एसीबी ने रिश्वत मांग का सत्यापन करवाया,जिसमें आरोपी द्वारा एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी चौकी जयपुर नगर चतुर्थ की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्यवाही करते हुए आरोपी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। एसीबी की ओर से आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्यवाही की जा रही है।











