
लदनिया सीमा पर संदिग्ध हालत में युवती पकड़ी गई, मानव तस्करी का मामला आया सामने
दैनिक शुभ भास्कर सुरेश कुमार बिहार मधुबनी जिला के लदनिया से नेपाल जाने के दौरान युवती से पूछताछ, दो लापता युवतियों को मुंबई भेजने का आरोप
मानव तस्करी के संदेह में मदीना खातून पुलिस के हवाले, नेटवर्क की जांच शुरू
लदनियां। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात एसएसबी 18वीं वाहिनी मुख्यालय राजनगर की सीमा चौकी अर्राहा के जवानों ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवती को रोककर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में युवती की गतिविधियां मानव तस्करी से जुड़े मामले से संदिग्ध रूप से जुड़ी पाई गईं। एसएसबी ने प्राथमिकी दर्ज कराने के बाद युवती को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार, 18वीं वाहिनी एसएसबी के कमांडेंट कोजा राम लोमरोड़ के निर्देश पर सीमा चौकी अर्राहा के कंपनी कमांडर सहायक कमांडेंट अजित कुमार के नेतृत्व में लगदी क्षेत्र में निगरानी की जा रही थी। सीमा स्तंभ संख्या 263/13 के समीप लगाए गए अस्थायी चेक पोस्ट पर एक व्यक्ति भारत से नेपाल जाने के लिए पहुंचा। उसने ड्यूटी पर तैनात जवानों को बताया कि उसे एक लड़की को भूत-प्रेत झाड़ने के लिए नेपाल ले जाना है। जवानों ने वैध पहचान पत्र प्रस्तुत करने के बाद ही नेपाल जाने की जानकारी दी, जिसके बाद वह व्यक्ति वापस लौट गया।
कुछ देर बाद एक युवती चेक पोस्ट पर पहुंची। वह असामान्य व्यवहार कर रही थी। जवानों ने पहचान पत्र मांगा, लेकिन उसके पास कोई वैध पहचान पत्र नहीं था। पूछताछ में उसने अपना नाम मदीना खातून, पिता मोहम्मद बेतराइन, निवासी लगदी गढ़ियानी, जिला सिरहा, नेपाल बताया।इसी दौरान नेपाल क्षेत्र के लगदी गढ़ियानी गांव के कुछ लोग चेक पोस्ट पर पहुंचे और बताया कि मदीना खातून के साथ शबनम खातून एवं प्रीति कुमारी भी करीब दो दिन पूर्व गांव से लापता हुई थीं। प्रीति कुमारी के पिता राम हृदय यादव भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि मदीना उनकी बेटी प्रीति एवं शबनम को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसबी ने लदनियां थाना एवं एनजीओ सर्वो प्रयास संस्थान को सूचना दी। पुलिस एवं एनजीओ की संयुक्त टीम ने पूछताछ की। पूछताछ में मदीना ने कथित तौर पर बताया कि दोनों युवतियों को उसके रिश्तेदार जन्नत खातून के माध्यम से दरभंगा से मुंबई भेजा गया है। जन्नत खातून डुमरियाही, थाना खजौली, जिला मधुबनी की निवासी बताई गई है और वर्तमान में पति के साथ मुंबई में रहती है।
शबनम की मां ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी एवं प्रीति को विदेश भेजने के उद्देश्य से मुंबई में बेच दिया गया है। प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर मदीना की मानव तस्करी से संबंधित गतिविधियों में संलिप्तता संदिग्ध पाई गई। एसएसबी ने उसे लदनियां थाना पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर मामले से जुड़े अन्य लोगों तथा संभावित मानव तस्करी नेटवर्क की जांच कर रही है।











