
स्कीम नंबर 10बी में कचरे का ढेर, सफाई व्यवस्था पर उठे सवाल।
दीवानजी बाग के पीछे सरकारी शौचालयों के पास कई दिनों से नहीं उठ रहा पूरा कचरा,
नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट
माचाडीअलवर:-अलवर- अलवर शहर की स्कीम नंबर 10बी स्थित दीवानजी बाग के पीछे सरकारी शौचालयों के पास लगे कचरे के ढेर ने नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां नगर निगम की कचरा उठाने वाली मशीन और गाड़ी प्रतिदिन नहीं पहुंचती। दो-तीन दिन के अंतराल के बाद वाहन आने पर भी मौके से पूरा कचरा नहीं उठाया जाता, जिससे बड़ी मात्रा में कचरा वहीं पड़ा रह जाता है।
स्थानीय लोगों के अनुसार कचरा लगातार जमा होने से क्षेत्र में गंदगी का माहौल बना हुआ है। समय पर संपूर्ण कचरा नहीं उठाए जाने के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का आरोप है कि कई बार कचरा उठाने के बाद भी मौके पर काफी मात्रा में कचरा छोड़ दिया जाता है।
स्थानीय लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि स्कीम नंबर 10बी, दीवानजी बाग के पीछे सरकारी शौचालयों के पास लगे कचरे के ढेर का तत्काल मौका-मुआयना कराया जाए तथा नियमित रूप से सफाई करवाकर मौके पर जमा संपूर्ण कचरा उठाया जाए।
लोगों का कहना है कि शहर को स्वच्छ रखने के दावे तभी सार्थक होंगे, जब जमीनी स्तर पर नियमित और पूरी सफाई सुनिश्चित की जाए। नगर निगम प्रशासन को इस समस्या पर तत्काल संज्ञान लेकर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए।











