
नशा मुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प, श्रीचंद्रपुरा में चौथी मोहल्ला सभा आयोजित।
नागपाल शर्मा माचाडी की रिपोर्ट
माचाडी अलवर:- श्रीचंद्रपुरा- राजगढ़ के समीपवर्ती श्रीचंद्रपुरा रोप फाउंडेशन द्वारा संचालित सीखो इंडिया लैब की ओर से नशा मुक्ति एवं जनजागरूकता अभियान के तहत श्रीचंद्रपुरा पंचायत में चौथी मोहल्ला सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ ही नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयासों को बढ़ावा देना रहा। कार्यक्रम का आयोजन रोप फाउंडेशन के डायरेक्टर आशीष टॉक के दिशा-निर्देशन में किया गया।
मोहल्ला सभा में बड़ी संख्या में युवा,महिलाएं और ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान नशे से होने वाले सामाजिक, पारिवारिक और आर्थिक नुकसान पर विस्तार से चर्चा की गई। ग्रामीणों ने भी अपने क्षेत्र में नशे से जुड़ी समस्याओं तथा युवाओं पर पड़ रहे इसके दुष्प्रभावों को लेकर अपने विचार साझा किए।
इस अवसर पर रोप फाउंडेशन के प्रोग्राम मैनेजर अमित शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं का नशे की ओर बढ़ता रुझान समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है। नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान नहीं पहुंचाता,बल्कि इसका सीधा असर परिवार की खुशहाली और पूरे समाज की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण किसी एक संस्था के प्रयास से संभव नहीं है। इसके लिए परिवार,युवा,ग्रामीण और सामाजिक संस्थाओं को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी।
उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को शिक्षा,खेल, रोजगार,सामाजिक सेवा तथा रचनात्मक गतिविधियों की ओर मोड़ने की आवश्यकता है। साथ ही अभिभावकों को बच्चों और युवाओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने तथा उनके व्यवहार में होने वाले बदलावों पर नजर रखने की सलाह दी।
अमित शर्मा ने बताया कि सीखो इंडिया लैब ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में मोहल्ला सभाओं के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को नशा मुक्ति सहित विभिन्न सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। श्रीचंद्रपुरा पंचायत में आयोजित चौथी मोहल्ला सभा भी इसी अभियान का हिस्सा रही।
सभा के दौरान ग्रामीणों ने नशे के खिलाफ सामूहिक रूप से जागरूकता फैलाने और युवाओं को नशे से दूर रखने में हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया। वहीं युवाओं ने भी स्वयं नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को संदेश दिया गया कि नशा मुक्त गांव ही स्वस्थ, शिक्षित और मजबूत समाज की आधारशिला बन सकता है। मोहल्ला सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं युवाओं की सहभागिता रही,जिससे क्षेत्र में नशा मुक्ति को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को मजबूती मिली।











