
जनता दर्शन में सीएम योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को सख्त हिदायत दी
दैनिक शुभ भास्कर श्रीमती हंसा उत्तर प्रदेश लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि यदि कोई फरियादी उचित समस्या लेकर दूसरी बार आता है तो संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी।
सोमवार को लखनऊ में जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की फरियाद सुनते सीएम योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी आदित्यनाथ ने यूपी के अफसरों को फरियादियों की समस्याओं के तत्काल समाधान की सख्त हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि यदि एक ही समस्या लेकर फरियादी दूसरी बार आता है और उसकी समस्या सही है तो फिर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय की जाएगी। सीएम योगी ने यह हिदायत सोमवार की सुबह जनता दर्शन कार्यक्रम में दूरदराज से आए लोगों की फरियाद सुनने के बाद दी। उन्होंने लोगों को समाधान का भरोसा देते हुए अधिकारियों से कहा कि प्रशासन हर समस्या का उचित समाधान समयबद्ध ढंग से कराए।
सीएम योगी ने कहा कि यदि पीड़ित एक ही समस्या को लेकर दूसरी बार आया और वह समस्या वास्तविक रही तो जवाबदेही तय होगी। पीड़ित की संतुष्टि सरकार का ध्येय है। यदि पीड़ित की समस्या वास्तविक है और समय से उसका निस्तारण नहीं हो पाया, तो यह अक्षम्य है। ऐसी स्थिति में संबंधित अधिकारी-कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिली तो सख्त कार्रवाई होगी। सीएम योगी ने कहा कि जनता को तत्काल राहत मिलनी चाहिए। इसके लिए हर स्तर पर सभी सतर्क रहें और समस्या सामने आते ही उसके समाधान में जुट जाएं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कुर्सियों पर बैठाए गए लोगों तक पहुंच कर उनकी पीड़ा जानी और आश्वस्त किया कि सभी की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने ‘जनता दर्शन’ में मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर पीड़ित व्यक्ति की समस्या पर संवेदनशीलता से ध्यान दें और समयबद्ध, पारदर्शी निस्तारण कराएं। सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पूरी तत्परता और संवेदनशीलता से यह सुनिश्चित करें कि बिना भेदभाव सबको न्याय मिले। हर पात्र को जन कल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले, जरूरतमंदों के समुचित इलाज की व्यवस्था हो, जमीन कब्जाने वाले भू माफिया और दबंगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सबके प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश दिया।











