
कटिहार में दिनदहाड़े अपराधियो ने अधिवक्ता गुड्डू अंसारी को चाकू से गोदकर सिर में गोली मारकर की निर्मम हत्या।
दैनिक शुभ भास्कर बिहार । एस.के.तिवारी । कटिहार नगर थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह दिनदहाड़े अपराधियों ने अधिवक्ता गुड्डू अंसारी की चाकू से हमला करने के बाद गोली मारकर हत्या कर दी। घटना पटेल चौक के समीप की है।वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।जानकारी के अनुसार, गुड्डू अंसारी सोमवार सुबह करीब 10 बजे रोजितपुर स्थित अपने आवास से कटिहार व्यवहार न्यायालय जाने के लिए निकले थे।इसी दौरान पटेल चौक के पास पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। बताया जा रहा है कि अपराधियों ने अधिवक्ता पर चाकू से कई वार किए।
इसके बाद सिर के पास गोली मार दी।जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हत्या की वजह जमीन विवाद बताई जा रही है।बताया गया कि मृतक की बहन का हरिगंज चौक क्षेत्र में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में नगर थाना में मामला भी दर्ज था।गुड्डू अंसारी इस मामले में अपनी बहन का साथ दे रहे थे।परिजनों के अनुसार उन्हें पूर्व में जान से मारने की धमकी भी मिली थी।पुलिस अब इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर मामले की छानबीन कर रही है।घटना की जानकारी मिलते ही सदर डीएसपी विशाल आनंद पुलिस टीम के साथ सदर अस्पताल पहुंचे।उन्होंने घटना की जानकारी लेने के साथ परिजनों से भी बातचीत की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।अधिवक्ता की हत्या की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बताया गया कि मृतक के दो छोटे बच्चे हैं।अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है।बच्चों के भविष्य और परिवार के भरण-पोषण को लेकर परिजन चिंतित हैं।वहीं दिनदहाड़े हुई हत्या से स्थानीय लोगों में भी भय और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि हत्या के सभी संभावित कारणों और आरोपितों की भूमिका की जांच की जा रही है।











