
होर्मुज जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंग से टकराया विशालकाय सुपरटैंकर, जबर्दस्त धमाके से धधक उठा समंदर
20 लाख बैरल से ज्यादा कच्चा तेल ले जा रहा था जहाज, ईरान का दावा- अमेरिकी शह पर ‘अवैध’ मार्ग से घुसने की कर रहा था कोशिश
शुभ भास्कर ब्यूरो
तेहरान/दुबई, 18 अक्टूबर: मध्य-पूर्व मिडिल ईस्ट में बढ़ते युद्ध और भारी तनाव के बीच शनिवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में एक बार फिर तबाही का मंजर देखने को मिला। 20 लाख बैरल से भी अधिक कच्चा तेल लेकर गुजर रहा एक विशालकाय सुपरटैंकर समुद्री बारूदी सुरंग से टकरा गया। टक्कर होते ही समुद्र के बीचों-बीच एक के बाद एक कई जोरदार धमाके हुए और पूरा टैंकर आग की गगनचुंबी लपटों से घिर गया। इस भीषण हादसे से वैश्विक तेल आपूर्ति के सबसे संवेदनशील रूट पर दहशत फैल गई है।
GPS और रडार बंद कर रची साजिश
ईरान की आधिकारिक समाचार एजेंसी और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स IRGC की नौसेना द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, इस संदिग्ध तेल टैंकर ने अंतरराष्ट्रीय नियमों का उल्लंघन करते हुए अपने जीपीएस GPS और रडार ट्रैकिंग सिस्टम को पूरी तरह बंद कर दिया था। ईरान का आरोप है कि यह ‘रॉग’ संदिग्ध टैंकर अमेरिकी सैन्य तंत्र की शह पर ईरान द्वारा प्रतिबंधित और अनधिकृत ‘अवैध मार्ग’ से होर्मुज को पार करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान गुप्त रूप से रास्ता बदलने के चक्कर में जहाज समुद्र में बिछी बारूदी सुरंग की चपेट में आ गया।
जहाज के मालिक और हताहतों पर सस्पेंस
ईरानी मीडिया के मुताबिक, धमाका इतना जबर्दस्त था कि उसकी गूंज और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक देखा गया। हालांकि, आईआरजीसी ने अभी तक इस बात का खुलासा नहीं किया है कि यह सुपरटैंकर किस देश का था, इसका मालिक कौन है और इस पर किस देश का झंडा लगा हुआ था। हादसे में चालक दल के कितने सदस्य हताहत हुए हैं या तेल रिसाव ऑयल स्पिल से पर्यावरण को कितना नुकसान पहुंचा है, इसकी सटीक जानकारी भी अभी आनी बाकी है।
दुनिया के 20% तेल बाजार पर संकट के बादल
बता दें कि फरवरी के आखिर में शुरू हुए युद्ध के बाद से इस रणनीतिक जलमार्ग पर तनाव चरम पर है। दुनिया के कुल पेट्रोलियम उपभोग का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इसी होर्मुज जलडमरूमध्य से होकर गुजरता है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस ताजा धमाके और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ती तल्खी के कारण आने वाले दिनों में वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल देखने को मिल सकता है











