
कोतवाली पुलिस ने खोला बाइक चोरी का राज, दो मोटरसाइकिलों के साथ आरोपी गिरफ्तार
दैनिक शुभ भास्कर सुरज सिंह उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड झांसी ललितपुर। शहर के नेहरू नगर क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, बरामदगी के साथ थाना कोतवाली में दर्ज चोरी के मामले का सफल अनावरण किया गया है। पुलिस के अनुसार, थाना कोतवाली ललितपुर में अपराध संख्या 1087/2026, धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत दर्ज मुकदमे में अज्ञात चोर की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस ने पतारसी और सुरागरसी करते हुए आरोपी अभिषेक कुशवाहा पुत्र सुरेश कुशवाहा को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से मध्य प्रदेश के सागर जिले के बीना का निवासी है और वर्तमान में नेहरू नगर, थाना कोतवाली क्षेत्र में रह रहा था।पुलिस ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिलों में एक हीरो एचएफ डीलक्स और दूसरी हीरो सीडी डीलक्स है। जांच के अनुसार, दोनों मोटरसाइकिलें 12 अक्टूबर 2026 और 17 अक्टूबर 2026 को नेहरू नगर स्थित सरकारी शराब की दुकान के सामने से चोरी की गई थीं। पुलिस ने दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर चोरी की संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी का दावा किया है।पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और सार्वजनिक स्थानों पर खड़े वाहनों की सुरक्षा को लेकर पुलिस की सक्रियता एक बार फिर चर्चा में है।











