
कन्या महाविद्यालय में खेल सप्ताह के दूसरे दिन भारतीय पारंपरिक खेलों का आयोजन
दैनिक शुभ भास्कर श्रीमती हंसा मिश्रा राजस्थान जयपुर राजकीय कन्या महाविद्यालय, कोटखावदा में आयोजित खेल सप्ताह के दूसरे दिन आज भारतीय पारंपरिक खेलों को समर्पित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। भारतीय ज्ञान परंपरा IKS को प्रोत्साहित करने तथा छात्राओं को भारत की समृद्ध खेल संस्कृति एवं पारंपरिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से इन खेलों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने सितोलिया, नींबू-चम्मच दौड़, कंचे, रुमाल झपट्टा, कोड़ा बादाम एवं गट्टे जैसे पारंपरिक खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन खेलों के माध्यम से छात्राओं को मनोरंजन के साथ-साथ शारीरिक सक्रियता, एकाग्रता, फुर्ती, समन्वय एवं टीम भावना विकसित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य आधुनिक खेलों के साथ-साथ पारंपरिक भारतीय खेलों के महत्व को पुनर्जीवित करना तथा युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना रहा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं के परिणाम इस प्रकार रहे— सितोलिया प्रतियोगिता में पायल मीना, संतोष मीना, अनिशा शर्मा, अंजली मीना, खुशी मेहर, खुशी बैरवा, पायल शर्मा व अंजली चौधरी की टीम विजेता रही। नींबू-चम्मच दौड़ में प्रथम स्थान पायल मीना, द्वितीय स्थान अंजली मीना एवं तृतीय स्थान रीना योगी ने प्राप्त किया। कंचे प्रतियोगिता में प्रथम स्थान संतोष मीना, द्वितीय स्थान खुशी मेहर एवं तृतीय स्थान अनीता मीना ने प्राप्त किया। रुमाल झपट्टा प्रतियोगिता में विजेता टीम की सदस्य छात्राएँ संतोष मीना, खुशी मेहर, अंजली मीना, शिमला मीना एवं फूली मीना रहीं। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सरिता जैन, खेल प्रकोष्ठ प्रभारी डॉ. प्रेमपाल यादव, संकाय सदस्य डॉ. मनीषा शर्मा, डॉ. सुनीत मील, समीक्षा शर्मा, डॉ. सुमन खंगार एवं छात्राएँ उपस्थित रहीं। खेल सप्ताह के आगामी दिनों में भी विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।











