
शरद पूर्णिमा की धूम: भर्तृहरि गुफा से निकला चल समारोह, बंटी पांच क्विंटल खीर
दैनिक शुभ भास्कर मध्य प्रदेश -उज्जैन शहर में शरद पूर्णिमा का पर्व बेहद उत्साह के साथ मनाया गया। नाथ संप्रदाय के सानिध्य में भर्तृहरि गुफा से एक भव्य चल समारोह निकाला गया। बैंड-बाजे और अखाड़ों के साथ निकले इस जुलूस में साधु-संतों और श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा।
यह काफिला विभिन्न मार्गों से होता हुआ गढ़कालिका मंदिर के समीप पीर मत्स्येंद्रनाथ की समाधि स्थल पहुंचा, जहां संतों ने चादर अर्पित की।ऋणमुक्तेश्वर के गादीपति महंत महावीर नाथ ने बताया कि इस पावन पर्व पर सनातन संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को लेकर भक्तों में भारी उत्साह रहा। चल समारोह के बाद गुफा परिसर में भव्य भजन संध्या सजाई गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने पूरी रात आनंद लिया रात्रि बारह बजे महाआरती के बाद प्रसाद के रूप में पांच क्विंटल दूध और ड्राई फ्रूट से तैयार खीर बांटी गई। मान्यता है कि इस रात चंद्रमा की किरणों से अमृत बरसता है और खीर में औषधीय गुण आते हैं। इसी परंपरा के तहत मध्यरात्रि में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया।











