
अलवर के वार्ड 56 में विकास के दावों पर सवाल, न्यू प्रीत विहार के 300 परिवार मूलभूत सुविधाओं से वंचित
सड़क, नाली, पानी और सीवरेज का इंतजार, बारिश में कच्चे रास्तों पर चलना भी मुश्किल।
नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट
(माचाड़ीअलवर:-अलवर- अलवर शहर के वार्ड नंबर 56 स्थित एग्रीकल्चर क्षेत्र की न्यू प्रीत विहार कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के अभाव ने स्थानीय निवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। कॉलोनी के करीब 250 से 300 परिवार आज भी सड़क, नाली,पानी की लाइन और सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं का इंतजार कर रहे हैं। कॉलोनीवासियों का आरोप है कि आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्य हो चुके हैं, लेकिन उनकी कॉलोनी अब भी उपेक्षा का शिकार है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कॉलोनी में पक्की सड़कों का अभाव है। बारिश होते ही कच्चे रास्तों पर पानी भर जाता है और जगह-जगह गड्ढे होने से आवागमन मुश्किल हो जाता है। पैदल चलने वालों के साथ ही वाहन चालकों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं,नालियों और नियमित सफाई की व्यवस्था नहीं होने से गंदगी की समस्या भी बनी रहती है। महापौर से लगाई गुहार कॉलोनीवासियों ने नगर निगम महापौर सुमन अग्रवाल से मांग की है कि वे एक बार न्यू प्रीत विहार कॉलोनी का दौरा कर यहां के हालात का जायजा लें। लोगों ने सड़क निर्माण के साथ नाली,पानी की लाइन और सीवरेज जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। कब मिलेगी राहत कॉलोनी के 250 से 300 परिवारों के सामने अब भी मूलभूत सुविधाओं का सवाल खड़ा है। स्थानीय निवासियों को उम्मीद है कि जिम्मेदार अधिकारी और जनप्रतिनिधि उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान की दिशा में कदम उठाएंगे। अब देखना यह है कि न्यू प्रीत विहार कॉलोनी में विकास कार्य कब शुरू होते हैं और लोगों को बदहाल रास्तों से कब राहत मिलती है।











