
मजदूरी करते समय विद्युत करंट लगने से 26 वर्षीय युवक की मौत।
अलवर राजगढ़- राजगढ़ कस्बे के ख्वास जी का बाग मोहल्ले में एक मकान पर मजदूरी का कार्य करते समय विद्युत करंट लगने से 26 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कस्बे के वाटर बॉक्स के पास निवासी भगवान सहाय सैनी ने राजगढ़ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनका पुत्र अजय सैनी दोपहर करीब ०2 बजे ख्वास जी का बाग स्थित एक मकान पर मजदूरी करने गया था। काम के दौरान अचानक विद्युत करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन और अन्य लोग उसे तत्काल राजकीय अस्पताल लेकर पहुंचे,जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के चाचा रमेश सैनी ने बताया कि अजय मकान पर मजदूरी करने गया था,जहां विद्युत तार के संपर्क में आने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।











