
सड़क निर्माण के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से 8 मजदूरों की दर्दनाक मौत, 5 गंभीर रूप से झुलसे
Https shubhbhaskar.co.in
राजस्थान के झुंझुनूं जिले के उदयपुरवाटी थाना क्षेत्र के छापोली गांव में सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहाँ कदमकुंड वन क्षेत्र के पास जनसहयोग से बनाई जा रही एक सड़क के निर्माण कार्य के दौरान रोड़ी मिलाने वाली मिक्सर मशीन अचानक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गई। चालू हाईटेंशन लाइन के मशीन से छूते ही पूरी मशीन में भयंकर करंट दौड़ गया, जिसकी चपेट में आने से 8 मजदूरों की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई। इस हादसे में 5 अन्य लोग भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
रोड़ी मिलाने वाली मशीन का जैक टकराने से हुआ हादसा पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, छापोली और कदमकुंड के बीच ग्रामीण आपसी सहयोग से एक संकरे रास्ते पर सीसी रोड का निर्माण करवा रहे थे। काम के दौरान कंक्रीट मिलाने वाली मिक्सर मशीन को आगे बढ़ाया जा रहा था, तभी मशीन का ऊपरी हिस्सा जैक वहाँ से गुजर रहे 11 KV के नंगे तारों से टकरा गया। मशीन लोहे की होने के कारण उसमें तत्काल हाई-वोल्टेज करंट फैल गया। मशीन के आसपास काम कर रहे और उसके ऊपर सवार मजदूर इसकी चपेट में आ गए। जोरदार धमाके और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया मुख्यमंत्री ने जताया दुख उच्च स्तरीय जांच के आदेश इस भीषण हादसे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने झुंझुनूं जिला कलेक्टर से फोन पर बात कर घटना की पूरी जानकारी मांगी और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कैबिनेट मंत्री झाबर सिंह खर्रा भी स्थिति का जायजा लेने के लिए मौके पर रवाना हो गए हैं। दूसरी ओर, ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर ने भी हादसे पर दुख जताते हुए विद्युत विभाग के तकनीकी अधिकारियों से तथ्यात्मक रिपोर्ट तलब की है। ग्रामीणों का धरना, मुआवजे और नौकरी की मांग हादसे के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया है। गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घटनास्थल पर ही धरना शुरू कर दिया है। मौके पर पहुंचे पूर्व विधायक राजेंद्र गुढ़ा ने मृतकों के आश्रितों को उचित सरकारी मुआवजा और सरकारी नौकरी देने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही उदयपुरवाटी थाना अधिकारी रामपाल, डीएसपी सुगन सिंह और जिला कलेक्टर अरुण गर्ग भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर तैनात हैं और स्थिति को संभालने का प्रयास कर रहे हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।











