
बांदीकुई के मुकेश सैनी ने किया 17.5 फीट लंबे विशालकाय अजगर का रेस्क्यू।
102 किलो वजनी इंडियन रॉक पाइथन को 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित पकड़ा, जंगल में छोड़ा।
दैनिक शुभ भास्कर बांदीकुई- दौसा जिले के बांदीकुई उपखंड में ग्राम महादेवपुरा, ग्राम पंचायत केसरी सिंहपुरा में शुक्रवार शाम उस समय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया, जब गांव में अचानक 17.5 फीट लंबा विशालकाय अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने वन्यजीव रेस्क्यू एक्सपर्ट जीव-जंतु प्रेमी गौसेवक मुकेश सैनी बांदीकुई को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुकेश सैनी मौके पर पहुंचे और करीब 30 मिनट तक कड़ी मशक्कत करते हुए लगभग 17.5 फीट लंबे और 102 किलो वजनी इंडियन रॉक पाइथन का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। विशालकाय अजगर को सुरक्षित पकड़ने के बाद उसे प्राकृतिक जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। इस तरह समय रहते किए गए रेस्क्यू से अजगर की जान भी बच गई और ग्रामीणों ने भी राहत की सांस ली।रेस्क्यू के दौरान जीव-जंतु प्रेमी गौसेवक मुकेश सैनी ने ग्रामीणों को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई देने पर घबराकर उन्हें मारने या नुकसान पहुंचाने का प्रयास नहीं करना चाहिए।
ऐसे में तुरंत प्रशिक्षित रेस्क्यू विशेषज्ञों को सूचना देनी चाहिए, ताकि वन्यजीवों और आमजन दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। मुकेश सैनी के इस साहसिक एवं सराहनीय कार्य की ग्रामीणों ने जमकर प्रशंसा की और उनका आभार व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि मुकेश सैनी अब तक 17 हजार से अधिक वन्यजीवों का रेस्क्यू कर चुके हैं। वे दिन-रात बेजुबान जीवों की जान बचाने और वन्यजीव संरक्षण के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उनकी यह निस्वार्थ सेवा, साहस और समर्पण न केवल बांदीकुई क्षेत्र, बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। बेजुबान वन्यजीवों की रक्षा और उनकी जान बचाने का यह जज्बा वास्तव में मानवता की अनूठी मिसाल है।











