
पाटन में कृषि की नवीन तकनीकों एवं करियर अवसरों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
दैनिक शुभ भास्कर रिपोर्टर: शिंभू सिंह शेखावत राजस्थान जयपुर
नीमकाथाना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पंचायत समिति पाटन के राजकीय महाविद्यालय पाटन में आज *महिला नीति एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के *संयुक्त तत्वावधानं में कृषि की नवीन तकनीकों, छात्रवृत्तियों, सब्सिडी, ऋण सुविधाओं एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता कृषि पर्यवेक्षक सुरेंद्र कुमार यादव ने कृषि क्षेत्र में उपयोग की जा रही नवीन तकनीकों, कृषि से संबंधित करियर के अवसरों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्रदान की। उन्होंने विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में उपलब्ध छात्रवृत्तियों, सब्सिडी एवं ऋण सुविधाओं के संबंध में भी अवगत कराया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि क्षेत्र में हो रहे तकनीकी बदलावों, रोजगार एवं करियर के अवसरों तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा कृषि से संबंधित नवीन तकनीकों, करियर के अवसरों एवं सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ संकाय सदस्य तथा एनएसएस प्रभारी किरण यादव के उद्बोधन से हुआ। मंच संचालन ज्योति शर्मा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन रीतू शर्मा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के आयोजन में सहायक आचार्य दिनेश बैरवा का सराहनीय योगदान रहा। छात्राओं में अत्यंत जोश और उमंग देखी गई।











