
जीडी कॉलेज में नवरंग डांडिया महोत्सव-2026 की धूम, छात्राओं ने उत्साह के साथ किया डांडिया।
मां अम्बे की पूजा-अर्चना के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ, संकल्प सुरक्षा अभियान के तहत कालिका पेट्रोलिंग यूनिट रही तैनात।
नागपाल शर्मा माचाड़ी की रिपोर्ट
(माचाड़ीअलवर):- अलवर- अलवर शहर के जीडी कॉलेज में नवरंग डांडिया महोत्सव-2026 का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां अम्बे की पूजा-अर्चना के साथ हुई। इस दौरान महाविद्यालय की छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पारंपरिक अंदाज में डांडिया खेलकर उत्सव की रौनक बढ़ाई।
महोत्सव के दौरान छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। रंग-बिरंगे परिधानों में सजी छात्राओं ने डांडिया की धुन पर कदमताल करते हुए नवरात्रि के उत्सव को यादगार बनाया। मां अम्बे की आराधना के साथ शुरू हुए इस आयोजन में धार्मिक आस्था, पारंपरिक संस्कृति और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए संकल्प सुरक्षा अभियान के तहत कालिका पेट्रोलिंग यूनिट अलवर मौके पर मौजूद रही। पुलिस की इस व्यवस्था का उद्देश्य कार्यक्रम में भाग लेने वाली छात्राओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचाव सुनिश्चित करना रहा।
वहीं, महाविद्यालय की एनसीसी कैडेट्स ने भी सुरक्षा व्यवस्था संभालने में सहयोग किया। कैडेट्स ने अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कार्यक्रम के सुव्यवस्थित संचालन में योगदान दिया।
नवरंग डांडिया महोत्सव के माध्यम से छात्राओं को भारतीय संस्कृति और पारंपरिक त्योहारों से जुड़ने का अवसर मिला। साथ ही, सुरक्षा के प्रति जागरूकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश भी दिया गया।











