
तारक मेहता फेम भिड़े की पत्नी स्नेहल सानवरकर ने किए अलौकिक दर्शन, दीपावली पर 40 लाख के नोटों से सजेगा उज्जैन का प्राचीन गजलक्ष्मी मंदिर
दैनिक शुभ भास्कर उज्जैन/-उज्जैन शहर के नई पेठ स्थित अति प्राचीन गजलक्ष्मी मंदिर में इस बार दीपावली उत्सव खास रंग जमाने जा रहा है, जहाँ करीब 40 लाख रुपए के करंसी नोटों की अनोखी सजावट से माता रानी का दरबार झिलमिलाएगा। इस बीच धारावाहिक ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ फेम आत्माराम भिड़े की धर्मपत्नी और अभिनेत्री स्नेहल सानवरकर ने भी मंदिर में माथा टेककर अलौकिक दर्शन का लाभ उठाया। मंदिर के पुजारी अनिमेष शर्मा ने बताया कि रवि पुष्य नक्षत्र से भाई-खाता पूजन के साथ त्योहार की रंगत शुरू हो चुकी है। धनतेरस पर भक्तों को सुख-समृद्धि का प्रतीक पीली कौड़ी व सिक्का बांटा जाएगा, वहीं दीपावली के दिन दूध से विशेष अभिषेक कर रात भर छप्पन महाभोग अर्पित किए जाएंगे। आगामी 10 नवंबर मंगलवार को आयोजित होने वाले पारंपरिक सुहाग पर्व पर भी माता के आंगन में खासी रौनक देखने को मिलेगी। यहाँ सुबह से ही अखंड सौभाग्य की कामना से सुहागिनें और मनभावन वर की चाह में कुंवारी कन्याएं कुमकुम व सुहाग सामग्री लेने पहुंचेंगी। सालभर भक्तों द्वारा चढ़ाई गई सुहाग सामग्री को एकत्र कर माता को समर्पित किया जाता है और फिर पुजारी परिवार द्वारा इसे महिलाओं में प्रसादी के रूप में बांट दिया जाता है।
मंदिर पहुँचीं स्नेहल सानवरकर ने अपनी आस्था जताते हुए कहा कि स्फटिक निर्मित स्थिर महालक्ष्मी, राहु-केतु और मनसा देवी की प्रतिमाओं को निहारना उनके लिए जीवन का यादगार लम्हा बन गया। उन्होंने प्राचीन कथाओं का जिक्र करते हुए कहा कि योद्धाओं के सकुशल लौटने की भूमि पर बने इस मंदिर की यादें वे अपने बच्चों के लिए खजाने के रूप में ले जा रही हैं। उन्होंने यह भी साझा किया कि जिंदगी में चुनौतियों का होना बेहद जरूरी है, क्योंकि कठिनाइयों के बिना खुशी का सच्चा अहसास कभी नहीं मिल सकता।











