
दीपावली पर पटाखा बाजारों में प्रशासन का पहरा, डीएम-एसपी ने किया औचक निरीक्षण
सुरक्षा मानकों और अग्निशमन व्यवस्थाओं की परखी हकीकत, दुकानदारों को दिए सख्त निर्देश
पाली और ललितपुर में पटाखा दुकानों का निरीक्षण, एएसपी ने भी संभाली सुरक्षा व्यवस्था की कमान
दैनिक शुभ भास्कर सुरज सिंह उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड ललितपुर। दीपावली पर्व पर आतिशबाजी के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस महकमा सतर्क नजर आ रहा है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश और पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार बाजपेई ने थाना पाली एवं कोतवाली ललितपुर क्षेत्र में संचालित पटाखा दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं की पड़ताल की।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखा दुकानों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों और अग्नि सुरक्षा से संबंधित इंतजामों का जायजा लिया। साथ ही दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने को कहा। दीपावली के दौरान पटाखों की बिक्री और आतिशबाजी के बीच आगजनी जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक ने भी कोतवाली ललितपुर क्षेत्र में संचालित पटाखा दुकानों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था परखी और दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन और पुलिस की इस कवायद का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजारों में सुरक्षित माहौल बनाए रखना और किसी भी संभावित हादसे को रोकना है। अब देखना होगा कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का धरातल पर कितना पालन होता है। दीपावली पर नागरिकों की सुरक्षा के लिहाज से पटाखा कारोबारियों की जिम्मेदारी भी कम नहीं है।











