
रमा एकादशी पर श्री जगन्नाथ मंदिर में सजी मनमोहक श्रृंगार झांकी, दर्शन कर भक्त हुए भावविभोर।
राजगढ़- अलवर जिले सहित राजगढ़ कस्बे में रमा एकादशी के पावन अवसर पर चौपड़ बाजार स्थित श्री जगन्नाथ जी महाराज के मंदिर में भगवान की भव्य एवं मनमोहक श्रृंगार झांकी सजाई गई। मंदिर में विराजमान श्री जगन्नाथ महाप्रभु,साक्षी गोपाल जी महाराज,राधा रानी,बलभद्र जी,सुभद्रा माता एवं खाटू श्याम बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया गया। दिव्य आभूषणों और सुंदर वस्त्रों से सुसज्जित भगवान के अलौकिक स्वरूप ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। रमा एकादशी के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा।
श्रद्धालुओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन किए और परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की। मनमोहक श्रृंगार झांकी के दर्शन कर भक्त भावविभोर हो उठे और जयकारों से मंदिर परिसर गूंज उठा। एकादशी के पावन पर्व पर भगवान के दिव्य दर्शन और पूजा-अर्चना से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। मंदिर में सजे इस अद्भुत श्रृंगार ने भक्तों को आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति कराई।











