
मिशन शक्ति का असर: परिवार परामर्श केंद्र ने बिखरते परिवारों को फिर जोड़ा
पति-पत्नी और परिजनों के बीच कराई सुलह, सात पारिवारिक विवादों का सफल निस्तारण
जिला सम्वाददाता
उत्तर प्रदेश बलरामपुर। मिशन शक्ति अभियान के तहत बलरामपुर पुलिस की ओर से पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए चलाए जा रहे प्रयासों के तहत सात परिवारों में फिर से आपसी सौहार्द कायम कराया गया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित परिवार परामर्श केंद्र में आयोजित बैठक में पति-पत्नी और परिजनों के बीच सक्रिय मध्यस्थता करते हुए सात मामलों का सफल निस्तारण किया गया।
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में आयोजित परिवार परामर्श केंद्र की बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों से संबंधित पारिवारिक विवादों की सुनवाई की गई। दोनों पक्षों को समझाने-बुझाने के बाद उनके बीच आपसी सुलह और समझौता कराया गया।
मतभेद भुलाकर साथ रहने पर बनी सहमति
परामर्श के बाद सभी मामलों में दोनों पक्षों ने अपने आपसी मतभेद समाप्त कर सौहार्दपूर्ण वातावरण में प्रेम और सहयोग के साथ साथ जीवन बिताने पर सहमति जताई। परामर्शदाताओं ने दंपतियों और उनके परिजनों को बड़ों का सम्मान करने, एक-दूसरे की भावनाओं को समझने और आपसी सहयोग के साथ नई शुरुआत करने की सलाह दी।
इन सात मामलों में बनी बात
परिवार परामर्श केंद्र में मरियम बनाम आरिफ, मो. हफीज बनाम जासमीन, मुमताज बनाम शरीफ, निशा देवी बनाम श्रवण कुमार, रति तिवारी बनाम हिमांशू पाण्डेय, सुधा सोनी बनाम दीपक वर्मा तथा सालबा बनाम सज्जू के मामलों का सफल निस्तारण किया गया।
परामर्शदाताओं का रहा विशेष योगदान
पारिवारिक विवादों के निस्तारण में परामर्शदाता अरुण कुमार यादव, देवतादीन दूबे, वंदना मिश्रा, थाना प्रभारी पूनम यादव तथा महिला आरक्षी ज्योति और गुलअफशां का विशेष योगदान रहा।
बलरामपुर पुलिस की यह पहल पारिवारिक सौहार्द कायम करने के साथ-साथ नारी सम्मान और परिवारों को टूटने से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में सामने आई है।












