
सुम्मेरा तालाब की सफाई से लेकर रामनगर के कायाकल्प तक, विकास परियोजनाओं को मिली रफ्तार
दैनिक शुभ भास्कर सुरज सिंह उत्तर प्रदेश ललितपुर। शहर की तस्वीर बदलने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने के दावों के बीच नगर पालिका परिषद ने विकास कार्यों की नई पहल शुरू की है। गुरुवार को झांसी-ललितपुर सांसद डॉ. अनुराग शर्मा ने नगर पालिका की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। कार्यक्रम के दौरान ऐतिहासिक सुम्मेरा तालाब की सफाई के लिए आधुनिक मशीन का शुभारंभ किया गया, वहीं वार्ड नंबर छह के रामनगर में ₹1.33 करोड़ की लागत से पार्क और मियावाकी वन विकसित करने के लिए भूमि पूजन हुआ। इसके अलावा डीएम आवास के सामने कलेक्ट्रेट चौराहे से तुवन मंदिर तक निर्मित पाथवे का भी शुभारंभ किया गया। सुम्मेरा तालाब की सफाई के लिए अब आधुनिक तकनीक का सहारा शहर की ऐतिहासिक पहचान और धार्मिक आस्था के प्रमुख केंद्र सुम्मेरा तालाब की स्वच्छता लंबे समय से एक बड़ी चुनौती रही है। तालाब की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका ने आधुनिक तकनीक से लैस सफाई मशीन की व्यवस्था की है। सांसद डॉ. अनुराग शर्मा ने पूजन-अर्चन और फीता काटकर मशीन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मशीन के माध्यम से सुम्मेरा तालाब के साथ जनपद के अन्य जलाशयों की सफाई भी की जा सकेगी। इससे जलाशयों को स्वच्छ और आकर्षक बनाने में मदद मिलेगी। रामनगर में ₹1.33 करोड़ से बदलेगी तस्वीर वार्ड संख्या छह के रामनगर में उपवन योजना के तहत ₹1 करोड़ 33 लाख की लागत से पार्क एवं मियावाकी वन विकसित किया जाएगा। सांसद ने विधि-विधान से भूमि पूजन कर परियोजना की शुरुआत की। योजना के तहत पार्क में ओपन जिम, बाउंड्रीवॉल, फाउंटेन, आकर्षक लाइटिंग और पाथवे का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही मियावाकी पद्धति से सघन पौधरोपण कर हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा। परियोजना में नगर पालिका परिषद ₹99 लाख खर्च कर पार्क एवं अन्य निर्माण कार्य कराएगी, जबकि वन विभाग की ओर से ₹34 लाख की लागत से पौधरोपण किया जाएगा। योजना पूरी होने पर रामनगर के लोगों को टहलने, व्यायाम करने और मनोरंजन के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध होगा। पाथवे से मिलेगी सुबह-शाम टहलने वालों को राहत कलेक्ट्रेट चौराहे से तुवन मंदिर तक डीएम आवास के सामने निर्मित पाथवे का भी सांसद ने उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि इससे सुबह-शाम टहलने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। साथ ही प्रमुख मार्ग की सुंदरता में भी इजाफा होगा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही मौजूदगी कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष कैलाश नारायण निरंजन, पालिका अध्यक्ष सोनाली जैन अभिलाषा, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप चौबे, हरीराम निरंजन, किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री अजय पटैरिया, वरिष्ठ भाजपा नेता अशोक रावत, पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मुन्नालाल जैन, एमएलसी प्रतिनिधि केदारनाथ तिवारी, दिनेश गोस्वामी, चंद्रशेखर पंथ, श्रीकांत कुशवाहा, अजय जैन सहित सभासद एवं अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा, अवर अभियंता खुशबू खान, सफाई निरीक्षक जितेंद्र स्वरूप तिवारी, महेंद्र सिंह यादव, डीपीएम दीपक कुमार, सुधीर रावत और गैराज प्रभारी अमित कुमार रिंकू सहित पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











