
पाटन महाविद्यालय में नशा मुक्ति पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता आयोजित
रिपोर्टर:-(शिंभू सिंह शेखावत) जनतंत्र की आवाज, राजस्थान
नीमकाथाना विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पाटन पंचायत समिति के पाटन महाविद्यालय में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश देने के उद्देश्य से नशा मुक्ति विषय पर स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन नशा मुक्ति केंद्र के प्रभारी ज्योति शर्मा के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की एनएसएस प्रभारी एवं वरिष्ठ संकाय सदस्य किरण यादव द्वारा प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा के साथ किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशा मुक्ति के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न रचनात्मक एवं प्रभावशाली स्लोगनों के माध्यम से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवन अपनाने और नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में सरोज गुर्जर, महेंद्र मधुकर वर्मा एवं डॉ. धर्मवीर कुमावत शामिल रहे। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों के स्लोगनों की विषयवस्तु, रचनात्मकता, प्रभावशीलता एवं संदेश के आधार पर मूल्यांकन किया गया। प्रतियोगिता में सचिन नायक की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नचिता यादव की टीम ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विजेता प्रतिभागियों को महाविद्यालय परिवार की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएँ दी गईं।











