
मारपीट में घायल युवक साकिर की जयपुर में इलाज के दौरान मौत।
(माचाड़ीअलवर):-मालाखेड़ा- अलवर जिले के मालाखेड़ा थाना क्षेत्र में कथित मारपीट में गंभीर रूप से घायल हुए युवक साकिर की 28 अक्टूबर को जयपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना ०1 अक्टूबर की रात सोहनपुर बस स्टैंड के पास की बताई जा रही है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। परिवादी मुहर खान के अनुसार, ०1 अक्टूबर की रात करीब एक बजे उनका भतीजा साकिर और फारूख घर से सोहनपुर स्टैंड पर ठंडा पीने जाने की बात कहकर निकले थे। आरोप है कि करीब डेढ़ घंटे बाद फारूख रोता-बिलखता घर लौटा। परिजनों ने पूछताछ की तो उसने बताया कि सोहनपुर बस स्टैंड के पास कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर मारपीट की। फारूख किसी तरह वहां से जान बचाकर निकल गया, जबकि साकिर मौके पर ही रह गया।
इसके बाद परिजनों ने साकिर की तलाश शुरू की। शिकायतकर्ता के मुताबिक, सुबह करीब पांच बजे सोहनपुर स्टैंड से लगभग 150 मीटर दूर सरिस्का फन सिटी की बाउंड्री के पास, स्कूल के पीछे साकिर गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिला। उसके सिर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें थीं। परिजन उसे तत्काल अलवर के सानिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जयपुर रेफर कर दिया। साकिर का जयपुर में उपचार चल रहा था, लेकिन 28 अक्टूबर को उसने दम तोड़ दिया।
युवक की मौत के बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। परिजनों की शिकायत के अनुसार,घटना में शामिल लोगों की पहचान और मारपीट के कारणों को लेकर पुलिस जांच कर रही है।











