
दीपावली से पहले शाहपुरा की सड़कों को चमकाने में जुटी नगर पालिका
दैनिक शुभ भास्कर शाहपुरा। दीपावली के त्योहार को लेकर शाहपुरा में तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। बाजारों में त्योहार की रौनक बढ़ने के साथ ही नगर पालिका प्रशासन भी शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने में जुट गया है। इसी कड़ी में नगर पालिका की ओर से बालाजी की छतरी से लेकर त्रिमूर्ति चौराहे तक सड़क पर पेचवर्क का कार्य रात को प्रारंभ कर दिया गया। लंबे समय से सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों से आमजन एवं वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। दीपावली के मद्देनजर शुरू किए गए इस कार्य से सड़क की स्थिति में सुधार होगा और आवागमन भी सुगम हो सकेगा।
त्योहारी सीजन में बाजारों में बढ़ने वाली आवाजाही को देखते हुए सड़क मरम्मत का यह कार्य आमजन के लिए राहत भरा कदम माना जा रहा है। नगर पालिका की इस पहल से दीपावली पर शहर की सड़कों को नया रूप मिलने की उम्मीद है।परन्तु जनता इस कार्य से नाराज है 14 लाख का टेंडर फिर भी सदर बाजार की सड़क बदहाल,रात में पेचवर्क का दिखावा,सुबह फिर जनता मायूस।बाजार में केवल बड़े-बड़े गड्डे भरे जा रहे है ना कोई रोड की साइड भरी जा रही है ना ही नई सड़क बनाई जा रही है।











