
ईन्टाली में ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव एवं धन प्रबंधन विषय पर कार्यशाला संपन्न
विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित वित्तीय लेन-देन की दी जानकारी, राष्ट्रीय पुस्तक का भी हुआ विमोचन
दैनिक शुभ भास्कर जमनेश आमेटा मावली उपखंड की ईन्टाली ग्राम पंचायत स्थित राजकीय निरंजन नाथ आचार्य उच्च माध्यमिक विद्यालय में नेशनल यूथ पार्लियामेंट ऑफ द भारत NYPB एवं मंजरी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ऑनलाइन फ्रॉड से बचाव एवं धन प्रबंधन विषय पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। वर्तमान डिजिटल युग में ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल भुगतान एवं इंटरनेट के माध्यम से वित्तीय लेन-देन का प्रचलन तेजी से बढ़ रहा है। इसके साथ ही साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी एवं वित्तीय ठगी की घटनाओं में भी वृद्धि हो रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों महिलाओं एवं ग्रामीण नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से इस कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य अनिल कुमार जीनगर ने की। मुख्य अतिथि के रूप में आरएमजीबी के बैंक प्रबंधक सौरभ अग्रवाल उपस्थित रहे। उन्होंने धन प्रबंधन के महत्व, बचत, वित्तीय नियोजन एवं पैसों के सही उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशिष्ट अतिथि के रूप में मंजरी फाउंडेशन मावली से चंदन सिंह चाहर ने ऑनलाइन फ्रॉड के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए बताया कि साइबर ठग किस प्रकार लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं। उन्होंने ओटीपी यूपी आई फर्जी लिंक अनजान कॉल एवं डिजिटल भुगतान के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में तकनीकी जानकारी दी।
नेशनल यूथ पार्लियामेंट ऑफ द भारत के सीईओ डॉ. ललित नारायण आमेटा ने साइबर फ्रॉड से जुड़ी विभिन्न केस स्टडी के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने वॉइस क्लोनिंग एवं फिंगरप्रिंट क्लोनिंग जैसी तकनीकों से होने वाली धोखाधड़ी के बारे में बताया तथा ऐसी घटनाओं की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने एवं समय पर उचित कार्रवाई करने की प्रक्रिया समझाई। ईन्टाली की डिजिटल सखी भारती आमेटा ने ग्रामीण क्षेत्र में घर-घर जाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने आमजन को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने तथा ऑनलाइन फ्रॉड की रोकथाम के लिए जागरूकता फैलाने में डिजिटल सखी की भूमिका पर प्रकाश डाला।कार्यशाला का संचालन डॉ. ओमप्रकाश किराड ने किया. इस अवसर पर नारायणपुर बड़गांव पंचायत की डिजिटल सखी नयना शर्मा एवं बरोड़िया पंचायत की डिजिटल सखी जया व्यास भी उपस्थित रहीं। उन्होंने सरकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने एवं ग्रामीण महिलाओं को जागरूक करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं भी उपस्थित रहीं। इसके अलावा राम अवतार सिंह, आरएमजीबी के कार्यालय सहायक अभिषेक महेंद्र व्यास एवं गोपाल लखारा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं ग्रामीण ग्रामीण मौजूद रहे । इस अवसर पर राष्ट्रीय पुस्तक का विमोचन-कार्यशाला के दौरान नेशनल यूथ पार्लियामेंट ऑफ द भारत के डिजिटल मंच द्वारा प्रकाशित राष्ट्रीय पुस्तक ऑनलाइन फ्रॉड एवं धन प्रबंधन की विधा का मंचासीन अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। संस्था द्वारा अब तक 31 राष्ट्रीय पुस्तकों का प्रकाशन किया जा चुका है। इस पुस्तक में देशभर के रचनाकारों द्वारा लिखी गई 35 सफल कहानियों एवं केस स्टडी को शामिल किया गया है।पुस्तक के माध्यम से ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, साइबर सुरक्षा वित्तीय जागरूकता एवं धन प्रबंधन से जुड़ी व्यावहारिक और तकनीकी जानकारियां आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। यह पुस्तक डिजिटल सुरक्षा एवं बेहतर वित्तीय प्रबंधन के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यशाला के माध्यम से उपस्थित विद्यार्थियों महिलाओं एवं ग्रामीण नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा अपनी मेहनत की कमाई को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।











