
दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग का शिकंजा, दो प्रतिष्ठानों से घी और लड्डू के नमूने लिए
दैनिक शुभ भास्कर सुरज सिंह उत्तर प्रदेश बुंदेलखंड ललितपुर। दीपावली के त्योहार पर मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बढ़ती मांग के बीच मिलावट की आशंका को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बाजार में निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को विभागीय टीम ने दो प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाकर घी और लड्डू के नमूने संग्रहित किए। नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजने की तैयारी की जा रही है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने ललितपुर स्थित आनंद स्वीट भंडार पर पहुंचकर प्रतिष्ठान संचालक राहुल जैन के यहां से घी का नमूना लिया। वहीं पीसनारी निवासी राजकुमार कुशवाहा की दुकान से लड्डू का नमूना संग्रहित किया गया। दोनों नमूनों की प्रयोगशाला में जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ निर्धारित गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों के विपरीत पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। यह अभियान आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी ललितपुर के निर्देश पर चलाया गया। कार्रवाई के दौरान सहायक आयुक्त खाद्य-द्वितीय विनोद कुमार शर्मा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कलामुद्दीन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस निरंजन एवं नागेंद्र कुमार मौजूद रहे। जांच रिपोर्ट पर टिकी निगाहें, मिलावट मिली तो होगी कार्रवाई त्योहारी सीजन में मिठाइयों, घी और अन्य खाद्य पदार्थों की खपत बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग की यह कार्रवाई उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है। हालांकि, फिलहाल किसी भी प्रतिष्ठान के खाद्य पदार्थ में मिलावट की पुष्टि नहीं हुई है। असल तस्वीर प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। अब सवाल यह है कि जांच रिपोर्ट कितनी जल्दी सामने आती है और यदि नमूने मानकों पर खरे नहीं उतरते हैं तो विभाग संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कितनी प्रभावी कार्रवाई करता है। त्योहार के दौरान आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए विभाग को नियमित जांच अभियान जारी रखने की जरूरत है।











